आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तीन सितंबर को भिवानी आ रहे हैं। इस दौरान, वे सर्कल शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे और 1500 से अधिक नए पदाधिकारियों को शपथ देंगे, साथ ही कार्यकर्ताओं को 2024 में हरियाणा में जीत के मूलमंत्र देंगे। शपथ ग्रहण समारोह में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर और राष्ट्रीय सह सचिव मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।

30 अगस्त को 1400 पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिनमें 1338 सर्कल इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं, और 1 सितंबर को 164 नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। आम आदमी पार्टी ने पांच वार्ड और पांच गांव पर एक सर्कल इंचार्ज बनाने का काम किया है। तीन सितंबर को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सर्कल इंचार्जों को शपथ दिलाने के लिए भिवानी पहुंच रहे हैं। अब तक हरियाणा में 4000 से अधिक पदाधिकारियों की घोषणा हो चुकी है। इसके बाद प्रदेश के हर गांव में 21 सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। आम आदमी पार्टी हरियाणा में तेजी से संगठन का विस्तार कर रही है।