दिल्ली चुनाव से 5 दिन पहले ही AAP में इस्तीफों की लगी झड़ी

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग के लिए महज 5 दिन ही बाकी है लेकिन इससे पहले, आम आदमी पार्टी में इस्तीफों की झड़ी लग गई है और 7 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। खबरों की माने तो सभी विधायक इस चुनाव में टिकट कटने से नाराज चल रहे थे।महरौली के विधायक नरेश यादव ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सबसे पहले पार्टी से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 6 और विधायकों ने पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया। जनकपुरी के विधायक राजेश ऋषि, पालम से भावना गौड़, बिजवासन से बीएस जून, आदर्श नगर से पवन शर्मा, कस्तूरबा नगर से मदनलाल, त्रिलोकपुरी से रोहित महरौलिया शामिल हैं।

राजेश ऋषि ने लिखा- अन्ना आंदोलन से जन्मी, भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली बनाने के लिए अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाई गई आम आदमी पार्टी जो अब भ्रष्टाचार युक्त पार्टी बन गई है जिसे में बड़े दुखी मन के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं।

चिट्ठी में नरेश यादव ने लिखा था- आम आदमी पार्टी का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए अन्ना आंदोलन से भारतीय राजनीति से भ्रष्टाचार के मुक्त करने के लिए हुआ था, लेकिन अब मैं बहुत दुखी हूं कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार बिल्कुल भी कम नहीं कर पाई, बल्कि आम आदमी पार्टी ही भ्रष्टाचार के दलदल में लिप्त हो चुकी है।

रोहित कुमार महरौलिया ने लिखा- जिन्हें बाबा साहब की केवल फोटो चाहिए, उनके विचार नहीं! ऐसे मौका-परस्त और बनावटी लोगों से आज से मेरा नाता खत्म। आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा देता हूं।

पवन शर्मा ने लिखा- मैं पवन शर्मा विधायक आदर्श नगर, आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा देता हूं। आम आदमी पार्टी जिस ईमानदार विचारधारा पर बनी थी, उस विचारधारा से पार्टी भटक चुकी है। आम आदमी पार्टी की यह दुर्दशा देखकर मन बहुत दुखी है। कृप्या करके मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) को चुनाव से ठीक पहले तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के सात विधायकों ने धड़ाधड़ पार्टी से इस्तीफे का एलान कर दिया। यह सभी वे विधायक थे, जिन्हें इस बार टिकट नहीं दिया गया था। वहीं पार्टी ने इन इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। किराड़ी से आप विधायक ऋतुराज झा ने इसे बीजेपी की साजिश करार दिया।

ऋतुराज झा ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से भाजपा के लोग मुझसे लगातार संपर्क कर रहे थे। वे लगातार कई प्रलोभन दे रहे थे। आप मेरी पार्टी में आ जाओ, आपको ये बना देंगे। आपको ये दे देंगे। मैंने हाथ जोड़कर एक ही बात कही, हर आदमी दलबदलू नहीं होता। हर आदमी लालची नहीं होता है। हर आदमी बिकाऊ नहीं होता है। हमारे नेता अरविंद केजरीवाल जी ने हमें क्या नहीं दिया। मेरे जैसे सामान्य परिवार से आनेवाले शख्स को, मास्टर के बेटे को दो-दो बार विधायक का टिकट दिया। 10 साल से मैं किराड़ी का विधायक हूं।

पार्टी छोड़नेवालों को इतिहास कभी नहीं माफ करेगा: ऋतुराज झा

उन्होंने कहा कि आनेवाले समय में और भी जिम्मेदारियां देंगे। पार्टी के लिए, दिल्ली के लिए और देश के लिए काम करेंगे। हमारे कुछ साथी भाजपा के इशारे पर जो हरकतें कर रहे हैं, आपको इतिहास माफ नहीं करेगा। आपको भी विधायक अरविंद केजरीवाल जी ने बनाया था। आपको ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए था, क्योंकि देश-दुनिया आम आदमी पार्टी की तरफ एक उम्मीद से देखती है। मैं अपनी गारंटी ले सकता हूं कि मैं अरविंद केजरीवाल का सिपाही था, हूं और मरते दम तक रहूंगा। कभी अरविंद केजरीवाल को नहीं छोड़ूंगा। जय हिंद जय भारत।